Chand... Ek Humsafar

मुस्कान एक खोयी-सी
एहसास एक धुंधला-सा
हैं सब आपके पास वहीँ
सिमटे-से इस रात में कहीं...

मेरे सिरहाने पे गिरे आंसुओं में
चाँद की झलक देखी है!
निहारता है वह अपने आप को
इन्हें अपना आइना समझकर।

इस रात इन तारों के बीच
चाँद भी तो अकेला-सा है...
हर रोज़ रूप बदलता है,
कभी खुलता है, कभी अपने में ही सिमट जाता है!

किससे कहे वह, कैसे कहे वह
कि तन्हाई क्या होती है?
चमकते चेहरे के पीछे
छिपे दर्द को, क्या समझेगा कोई?

दुनिया के तमाशे को देखता रहता है बस -
"इस भागम-भाग में मुझे ही भूल गए सब!"

आज मेरी खिड़की में
एक साथी मिल गया है उसे -मेरी आँखों में अपने चेहरे को देखा,

तो देखो कैसे हंस दिया!

"आओ रात साथ में काटें!",
कहके गप्पे मारने बैठ गया बस!

कुछ अपनी कहो...
किसे ढूँढते हो हर रात को?

कौन है इस दुनिया में
जो जगता है तुम्हारे लिए?

किस के लिए, मुसाफिर बन गए हो?

"है कोई, जिसे दूर छोड़ आया था...
इन्तेज़ार तो होगा उसे भी मेरा!
अब इसी कोशिश में
दूर से ही देखता रहता हूँ...

सोचता हूँ, दूर रहके भी
उसके आस पास रहूँ,
बस इसी लिए
चक्कर काटता रहता हूँ।

कहीं कोई दर्द न हो जाये उसे...
ख्याल रखना चाहता हूँ।
बेबस हूँ इस लिए दूर हूँ,
यह एहसास देना चाहता हूँ।

अँधेरे में डर न जाये वह,
इस लिए सारी रात रोशन कर दी है!
सागर में पानी भर दिया है...
सुना है साहिल उसे लुभाते हैं!

वो देखो... काले बादल भी आ गए...
सागर के बुलाने से...
अब देखना कैसे खिल उठता है
उसका मोर-सा दिल!

पास न सही, दूर से ही उसे ख़ुशी दे दूं,
बस यही कोशिश रहती है!
कभी कभी तो सूरज छिपाने की भी
हिम्मत करनी पड़ती है!

पिछली बार उसकी थकान नींद से ज्यादा थी
तो मैंने वक़्त को ही आगे बढा दिया।
सुबह होने से पहले ही
सूरज छिपा दिया!

तब देखा था उसका चेहरा मैंने
बच्चे की तरह चंचल था।
इतना खुश इस सदी में मैंने
उसे कभी नहीं देखा था!

एक शाम ऐसी भी थी
दिन भर मेरे इंतज़ार में,
बिना खाए-पीये, व्रत से
मेरी दुआ कर रही थी -

तब मैंने भी दिखाया
अपना सब से सुन्दर चेहरा उसे!
उन उम्मीद भरी आँखों को
कोई कैसे भूला दे!

बस, उन्हें ही देखने रोज़ आता हूँ!
छू नहीं सकता,
साथ बिठा नहीं सकता,
तो देखके ही जी भरता हूँ...

प्रेम की राह में ऐसा भी होता है,
जब इंतज़ार ही प्रेम का आसार होता है।
जुदाई में ही शायद
मिलन का श्रींगार होता है!

मैं समझता हूँ
तुम्हारे आँसू भी कुछ ऐसे ही होंगे।
पर दोस्त मेरे, जब भी मुझे देखोगी,
इसी बात को समझ लेना...

साथ रहकर तो प्यार सभी करते हैं...
दूरी में भी प्यार बरक़रार रखना...
यही सही प्रेम की परिभाषा है!
अब चलता हूँ मैं...
उसे भी अलविदा कहना है...!!!!"

Comments

Popular Posts